वाराणसी। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित स्कूलों में शिक्षा के सुधार के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए परिषद की ओर से कई प्रयोग हो रहे हैं। शिक्षा में सुधार के लिए शिक्षकों से संवाद कर उसे प्रदेश में भर में लागू किया जाएगा। इसके लिए मिशन शिक्षण संवाद कार्यशाला आगामी शुक्रवार को लखनऊ स्थित आरएलबी इंटर कालेज में आयोजित की गई है। शिक्षा निदेशक द्वारा इस कार्यशाला के लिए प्रदेश के 175 अध्यापकों की सूची जारी की गई है, जिसमें जनपद वाराणसी के चार अध्यापक प्रतिभाग करेंगे। कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों में शिक्षक दिवस पर लखनऊ में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले रविंद्र कुमार सिंह, प्राथमिक विद्यालय मंडुवाडीह की प्रधानाध्यापिका सरिता राय, प्राथमिक विद्यालय सैरा गोपालपुर के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह एवं प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा की सहायक अध्यापक छवि अग्रवाल शामिल है। कार्यक्रम बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह की देखरेख में संपन्न होगी। कार्यशाला में बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी अध्यापकों से संवाद करेंगे। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डीपी सिंह ने अध्यापकों को कार्यशाला में प्रतिभाग करने का निर्देश देते हुए बधाई दी है।