मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आठ दिवसीय ऑनलाइन राष्ट्रीय शिक्षा नीति: उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के लिए शिक्षा नीति बदलाव की जरूरत है। प्रथम सत्र में डाइट प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार शुक्ल ने कहा कि हमें अपने शिक्षण अधिगम व्यवस्था में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बदलाव करना होगा, तभी वर्तमान शिक्षा नीति का उद्देश्य पूरा होगा। दूसरे सत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय गुजरात के प्रो. जेपी सिंह ने समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा पर प्रकाश डाला। केंद्र निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का लक्ष्य भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करना है। संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, तकनीकी सहयोग विनय सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लालधारी यादव ने किया।