वाराणसी। पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विद्यार्थियों को सफलता मूलमंत्र बताया। मंगलवार को विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति केलिए कड़ी मेहनत और पक्का इरादा जरूरी है। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और रोजाना एक घंटे व्यायाम अवश्य करें। यूपी बोर्ड के उतीर्ण विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि नियमित टाइम टेबल बनाकर काम करें। कम से कम आधे घंटे का वक्त घर के बड़ों के साथ अवश्य गुजारें। उन्होंने सभी से कोरोना के प्रति सचेत रहने का अनुरोध किया तथा शुद्ध खान-पान की सलाह दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान का आह्वान करते हुए सभी विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी और हर माह आकाशवाणी पर आने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात को विशेष रूप से सुनने की बात कही। उन्होंने सभी उतीर्ण विद्यार्थियों के ऑनलाइन काउंसलिंग कराने की भी बात कही। कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष डॉ. आलोक श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता, संजय केशरी, राजीव सिंह डब्बू उपस्थित थे।