हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर दी जाने वाली ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा में वाराणसी को उत्तर प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इस सेवा के जरिये लोगों को घर बैठे ही विशेषज्ञों से परामर्श और उपचार मिल रहा है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने चिकित्सकों, अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को इस उपलब्धि का श्रेय दिया है। जिले के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर वर्ष 2020 में टेलीमेडिसिससेवा शुरू हुई थी। तब से इन तीन वषोZं में डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने इसका लाभ उठाया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में उपकेंद्र स्तरीय 220 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हैं। सभी पर एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तैनात हैं। सभी सेंटर 100 से अधिक सरकारी चिकित्सा इकाइयों से जुड़े हुए हैं। नोडल अधिकारी डॉ. यतीश भुवन पाठक के अनुसार पहले साल वर्ष यानी 2020 में 1007 मरीजों को इस सेवा का लाभ मिला। वर्ष 2021 में 7177 और फिर वर्ष 2022 में ये ग्राफ बढ़कर 33,565 पर पहुंच गया। वर्ष 2023 में अब तक 1.15 लाख मरीज इसका लाभ उठा सके हैं।
-
बुखार, जोड़ों में दर्द, मधुमेह में सेवा कारगर
डाॅ. यतीश भुवन पाठक के अनुसार ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा बुखार, जोड़ों में दर्द और मधुमेह के रोगियों के लिए ज्यादा कारगर साबित हुई है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं ने भी इसका लाभ उठाया है। जल्द ही टीबी, फाइलेरिया, मलेरिया, डेंगू के साथ ही गैर संचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग आदि समस्याओं का समाधान भी टेलीमिडिसिन के माध्यम से मिलेगा।