परमानंदपुर में रग्बी खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
ताइक्वांडो : अंडर-14 में 23 मुकाबले खेलकर 23 गोल्ड जीत चुकी हैं यश्विनी
नौवीं की छात्रा और पुआरीकला की रहने वाली यश्विनी सिंह सात साल से ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रही हैं। अंडर-14 में अब तक 23 मुकाबले खेलकर 23 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में कानपुर में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्ग में पदक जीतकर काशी का मान बढ़ाया। यश्विनी खेल का अभ्यास करने अपने घर से साइकिल चलाकर रोज 10 किलोमीटर दूर जगदीशपुर एकेडमी आती हैं।
कोच चंद्रभान पटेल ने बताया कि यश्विनी राष्ट्रीय के अलावा चार अंतरराष्ट्रीय पदक भी जीत चुकी हैं। 2021-22 में स्वर्ण पदक जीता है। नेपाल के पोखरा में 2022 में व्यक्तिगत और युगल में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इस साल विश्व चैंपियनशिप में एक कांस्य पदक भी जीता। राष्ट्रीय स्तर की आठ प्रतियोगिता खेलकर वह छह स्वर्ण, दो रजत पदक पर कब्जा जमा चुकी हैं। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण जीत चुकी हैं।
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में खेली गई खो खो प्रतियोगिता।
- फोटो : अमर उजाला
खो-खो : अंडर-18 में उज्ज्वल स्पोर्टिंग ने पयागपुर को हरा जीती ट्रॉफी
जिलास्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल भेलूपुर के सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान पर हुआ। अंडर-18 में बालिका वर्ग में उज्ज्वल स्पोर्टिंग क्लब ने पयागपुर क्लब को 6-4 से हरा दिया। अडंर-14 में महामना स्पोर्टिंग क्लब ने उज्ज्वल को 4-1 से हराया।
बालकों के अंडर-14 में महामना खोखो क्लब ने तारापुर स्पोर्टिंग क्लब को 9-8 अंकों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। बालक वर्ग के अंडर-18 में उज्जवल स्पोर्ट्स ने वाराणसी लीजेंड क्लब की टीम को 4-3 से हराया। मुख्य अतिथि रुपेश चौरसिया ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश खो-खो एसोसिएशन की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वर डॉ. जेपी शर्मा ने खेल भावना के साथ खेलने की बात कही।
प्रतियोगिता में 15 टीमों के 240 खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। स्वागत वाराणसी खो-खो एसोसिएशन की सचिव डॉ. सुधा रानी तिवारी ने किया। संचालन मनोज कुशवाहा ने किया। इस मौके पर महेश पासवान, शुभाष, राजू यादव, दिलीप सिंह मौजूद रहे।
भुल्लनपुर में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता।
- फोटो : अमर उजाला
फुटबॉल : लखनऊ को हराकर गोरखपुर बना चैंपियन
भुल्लनपुर की 34वीं वाहिनी पीएसी में 72वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक फुटबॉल की महिला वर्ग प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। फाइनल में गोरखपुर जोन की महिला टीम ने लखनऊ जोन की टीम को 5-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। गोरखपुर की रचना ने प्रतियोगिता में सर्वाधिक सात गोल करने का रिकॉर्ड बनाया, उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
शाम को बारिश की वजह से पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता रद्द हो गई। जो कि 23 अगस्त को खेली जाएगी। फाइनल में गोरखपुर जोन की ओर से अंकिता और प्रिया ने एक-एक गोल जबकि रचना कुमारी ने तीन गोल किए।
आयोजन सचिव सेनानायक 34वीं वाहिनी पंकज पांडेय ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पूर्वी जोन के डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने ट्रॉफी देकर सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह शुक्रवार को पीएसी मैदान पर हुआ। इस मौके पर अजय प्रताप सिंह, ब्रिजेश राय, बदन यादव, गोपाल दूबे मौजूद रहे।
आदर्श इंटर कॉलेज में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता।
- फोटो : अमर उजाला
कुश्ती में रिया और अनिकेत सर्वश्रेष्ठ
शिवपुर जोन की 68वीं अंतर विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता विकास इंटर कॉलेज में हुई। जोनल कुश्ती का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह ने किया। बालिका वर्ग में रिया यादव और बालक वर्ग में अनिकेत सर्वश्रेष्ठ रहे। अंडर-14 सब जूनियर फ्री स्टाइल के 41 किलो में अनिकेत यादव, 44 किलो में अभय यादव, 52 किलो में अमित यादव, अंडर-17 जूनियर वर्ग के फ्री स्टाइल 48 किलो में रोशन पटेल, 71 किलो में मुलायम यादव, अंडर-17 ग्रीको रोमन के 48 किलो में आशीष मौर्य ने बाजी मारी।
रग्बी : यंग को हरा फाइनल में पहुंचा बनारस क्लब
जिला महिला रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में सेमीफाइनल खेला गया। बनारस क्लब ने यंग क्लब को पांच अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वाराणसी में पहली बार खेली जा रही बालिका रग्बी प्रतियोगिता में छह टीमें खेल रही हैं।
सेमीफाइनल में बनारस रग्बी क्लब की राइट विंगर रोशनी ने खेल प्रारंभ होते ही दाएं छोर से आक्रमण शुरू किया जबकि काजल और विधि ने सेंटर से आक्रमण की नीति अपनाई। मैच खत्म होने से चार मिनट पहले तक स्कोर 15-15 था। अगले ही मिनट में रोशनी राजभर ने सेंटर से ट्राई कर अपनी टीम को आगे कर दिया। लंबी सीटी बजने तक स्कोर 20-15 रहा।