पिछले तीन दिन से वाराणसी समेत पूर्वांचल में अच्छी धूप और हल्की ठंड के बाद बृहस्पतिवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तीन दिन यानि चार से छह जनवरी तक वाराणसी समेत आसपास के जिलों में नम पछुआ हवाओं के साथ बारिश की संभावना तेज हैं। इससे ठंड भी एकबार फिर बढ़ जाएगी। इधर बुधवार को दिन में तेज धूप रहने और हवा के न चलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं का दबाव कम होने की वजह से ही वाराणसी में मौसम साफ हो गया है। इसके पहले पिछले सप्ताह दिन में नम हवाओं के चलने, धूप का असर कम होने के साथ ही कोहरा भी छा रहा था। इस बीच रविवार, सोमवार की तरह मंगलवार को भी सुबह से ही धूप निकली। दिन भर हवाओं के न चलने की वजह से ही धूप भी तीखी लगी। हालांकि शाम को गलन थोड़ी अधिक लग रही थी। अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ही पूर्वांचल में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान चार से छह जनवरी तक बूंदांबादी के भी आसार है। बताया कि तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 25.4 और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस की जगह 7.2 रिकार्ड किया गया।