प्रयागराज व गोरखपुर के लिए भी
फोटो
वाराणसी में बिजली चोरी पकड़ने की मुहिम तेज, ड्रोन उड़े
- प्रबंध निदेशक बोले- वाराणसी सहित 21 जिलाें में ड्रोन के जरिये पकड़ेंगे चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अब ड्रोन के जरिये कटिया कनेक्शन से बिजली चोरी रोकने में जुट गया है। दालमंडी, हड़हा सराय, चौक, बांसफाटक क्षेत्र में ड्रोन उड़े हैं। मीटर से छेड़छाड़ करने वालों की सूची भी बनवाई जा रही है। प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने कहा कि वाराणसी सहित पूर्वांचल के 21 जिलों में ड्रोन के सहारे बिजली चोरी रोकने की मुहिम शुरू कर दी गई है। जहां चोरी पकड़ी जाएगी, वहां प्रभावी कार्रवाई होगी।
बिजली कटौती, लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या के बीच प्रबंध निदेशक ने निगरानी तेज कराई है। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों के साथ ही जरूरत के हिसाब से ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं। शेड्यूल के मुताबिक जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालय पर 22 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। जिलेवार अधिकारियों को निगरानी में लगाया गया है। लोड का सही मूल्यांकन कराके बेहतर आपूर्ति कराई जा रही है। प्रबंध निदेशक ने कहा कि इन दिनों तार टूटने के साथ ही ट्रांसफार्मर जलने की समस्या बढ़ी है। बिजली निगम के पास ट्रांसफार्मर व तारों की कमी नहीं है। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जा रही है। तय समय के भीतर ही नए ट्रांसफार्मर भी लगवाए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम बनवाए गए हैं। उपकेंद्र या फिर 1912 पर आने वाली शिकायतों का निपटारा कराया जा रहा है। निपटारे की रिपोर्ट भी बनवाई जा रही है।
मई से अब तक बदले गए पांच हजार ट्रांसफार्मर
प्रबंध निदेशक ने कहा कि मई से अब तक वाराणसी सहित 21 जिलों में पांच हजार से अधिक ट्रांसफार्मर बदले गए हैं। अब भी बहुत से लोग चोरी से बिजली जा रहे हैं। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इसे रोकने के लिए ही लखनऊ की तरह वाराणसी में भी ड्रोन की मदद ली जा रही है। जल्द पूर्वांचल के दूसरे जिलों में भी ड्रोन से बिजली चोरी रोकने की प्रभावी कार्रवाई होगी।