बंगाल की खाड़ी से चलने वाली नम पुरवा हवाओं की वजह से ही वाराणसी समेत आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव हुआ है। मंगलवार को दोपहर तक धूप रही, लेकिन नम हवाओं की वजह से इसका असर कम रहा। इसके बाद बादल छाने से दोपहर में ही शाम जैसा नजारा दिखा। इस बीच गरज चमक संग बूंदाबांदी भी हुई। शनिवार से ही चक्रवाती तूफान जवाद का असर देखने को मिल रहा है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि मौसम में बदलाव का असर दो से तीन दिन तक देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर तेज बारिश की भी संभावना है। उधर, तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि मंगलवार को कम होकर 30.2 पहुंच गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 23.2 की जगह 22.6 रिकॉर्ड किया गया।