रामनगर में लीला स्थल का निरीक्षण करते मेयर अशोक तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल। स्रोत नगर न
वाराणसी। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बृहस्पतिवार को रामनगर रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य अभियंता और प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिन में दो बार स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रामबाग के सामने मैदान में हल्का जलभराव मिलने पर मेयर ने तत्काल पानी निकलवाकर राख (भस्सी) डालने के निर्देश दिए। वहीं, चंदौली की ओर से आ रहे नाले के माध्यम से रामबाग तालाब में गिर रहे गंदे पानी को देखकर उन्होंने अधिकारियों को इसे तुरंत बंद कराने को कहा। इसके अलावा खेदू पहलवान बीर बाबा रोड तथा पंचवटी त्रिमुहानी पर पंप व सक्शन मशीन लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने के कड़े आदेश दिए। विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। इस दौरान जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, अधिशासी अभियंता विकास कुरील मौजूद रहे।