सर सुंदर लाल हॉस्पिटल बीएचयू में लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल में डॉक्टर्स के साथ हुई हिंसा के खिलाफ बनारस के डॉक्टर भी उतर आए हैं। वाराणसी के सर सुंदर लाल हॉस्पिटल बीएचयू के डॉक्टर्स ने भी हड़ताल शुरू कर दी है। इसके साथ ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भी विरोध में आया है।
पश्चिम बंगाल के एनआरएस मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को दो जूनियर डॉक्टर्स की पिटाई का विरोध पूरे भारत में हो रहा है। इसके साथ ही वाराणसी में भी आईएमए बनारस शाखा के पदाधिकारी और सदस्य भी आज सुबह 6 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक हड़ताल पर हैं। इससे पहले भी शनिवार को आईएमए सदस्यों ने काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराया था।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के सर सुंदर लाल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स के हड़ताल पर जाने से मरीज परेशान हैं। अस्पताल में मरीजों की भीड़ हो रही है। आईएमए के अध्यक्ष डॉ भानुशंकर पांडेय ने कहा कि अस्पतालों में तोड़फोड़ पर जीरो टालरेंस की नीति अपनाने की जरूरत है। इस दौरान पदाधिकारियों ने सरकार से मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट जल्द से जल्द लागू करने की मांग की। साथ ही किसी भी मरीज की मौत के बाद विवाद होने की स्थिति में डेथ आडिट कराने की मांग की गई।