पीएचसी की महिला डॉक्टर के खिलाफ की लिखित शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चिरईगांव। ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनकट की एक महिला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चिरईगांव में तैनात महिला चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि चिकित्सक ने उसकी ओपीडी पर्ची फेंकने के साथ ही उसे अपमानित कर कमरे से बाहर निकलवा दिया। पूजा मौर्या के अनुसार, वह गर्भवती है और मंगलवार को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और दवा लेने गांव की आशा कार्यकर्ता के साथ पीएचसी पहुंची थी। नियमानुसार पंजीकरण कराने के बाद वह महिला चिकित्सक डॉ. एकता बुंदेला की ओपीडी के बाहर बारी का इंतजार करने लगी। पीड़िता का कहना है कि जब वह कमरे के भीतर गई तो डॉक्टर अचानक किसी बात पर भड़क गईं और पर्चा उठाकर बाहर फेंक दिया। महिला ने जब इलाज के लिए निवेदन किया तो दुर्व्यवहार किया गया और सुरक्षाकर्मियों से बाहर निकलवा दिया गया। आहत होकर महिला ने पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है। आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।