पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त पं दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ ने डॉग स्क्वायड संग विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों को समझाया की किसी अनजान व्यक्ति से खाने पीने का सामान न लें। टीम ने स्टेशन पर आने जाने वाली ट्रेनो में भी जांच पड़ताल की।
पीडीडीयू स्टेशन पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के निर्देश पर स्टेशन पोस्ट रेलवे सुरक्षा बल ने सभी प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल में संदिग्ध यात्रियों व उनके सामानों की सघन जांच पड़ताल की। वहीं स्टेशन पर आने जाने वाली ट्रेनों के स्लीपर, जनरल कोच और पैंट्रीकार का भी जांच पड़ताल की। इस दौरान जवानों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई भी खाने पीने की वस्तु ना लें,उसमें जहर भी हो सकता है, उसके सेवन से आपकी जान भी जा सकती है। आपका सामान चोरी भी हो सकता है। स्टेशन और यात्रा के दौरान कोच में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या समान दिखाई दे तो तत्काल ट्रेन में सुरक्षा के लिए चल रहे आरपीएफ, जीआरपी व ट्रेन के टीटीई को इसकी सूचना दें। चलती ट्रेन में दरवाजा व खिड़की ना खोलें साथ ही पायदान पर बैठने से आप ट्रेन से गिर सकते हैं। किसी प्रकार की परेशानी होने पर आप कंट्रोल को इसकी सूचना दें। जिससे समय रहते आपकी मदद की जा सके। जवानों ने अनाधिकृत रूप से से रेलवे ट्रैक पार न करने, गाडियों में अनावश्यक रूप से बिना किसी उचित और पर्याप्त कारण के बिना चेन पुलिंग न करने, बच्चों व मानव तस्करी को रोकने में पुलिस का मदद करने का आह्वान किया। अभियान में एसआई सुनील कुमार, एनके राम, अर्चना मीना, सहायक उपनिरीक्षक एसबी सिंह, प्रधान आरक्षी आरसी यादव, आरके सिंह, बबलू आदि रहे।