मोहम्मद रजाउद्दीन मेमोरियल महिला फुटबॉल लीग में शुक्रवार को बरेका इंटर कॉलेज के खेल मैदान में कुमाऊं हीरोज ने एकतरफा जीत दर्ज की। दिव्यांका ने दो और कोमल और सुमन ने एक-एक गोल दागे। दूसरे मुकाबले में फुटबॉल नर्सरी ने लालपुर एफसी पर 3-0 जीत दर्ज की।
पहले मैच के 16वें मिनट में कुमाऊं हीरोज की दिव्यांका ने पहला गोल कर स्कोर 1-0 से आगे किया। दूसरे हाफ के 40वें मिनट में कुमाऊं हीरोज की कोमल ने गोल कर 2-0 से टीम को बढ़त दिलाई। 45वें मिनट में दिव्यांका ने फिर गोल किया। 55वें मिनट में कुमाऊं हीरोज की सुमन ने गोल कर टीम का स्कोर 4-0 तक पहुंचाया और टीम ने जीत दर्ज की।
दूसरे मैच के तीसरे मिनट में फुटबॉल नर्सरी की शालिनी ने पहला गोल कर स्कोर 1-0 से आगे किया। 27वें मिनट में अमृता ने गोल कर 2-0 स्कोर पहुंचाया। दूसरे हाफ के 45वें मिनट में अमृता शर्मा ने दूसरा गोल कर टीम को 3-0 से जीत दिला दी। शनिवार को लीग का फाइनल मुकाबला कुमाऊं हीरोज बनाम फुटबॉल नर्सरी होगा।