वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी फेज-1 में पड़ोसी के कुत्तों की गंदगी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। विरोध करने पर सीसीटीवी कैमरा तोड़ने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा। पुलिस ने कन्हैया पांडेय की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कन्हैया ने तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोसी मधु सिंह, उनकी बेटी जूही सिंह और बेटा पीयूष सिंह कुत्ते पालते हैं। कुत्तों की गंदगी को लेकर शिकायत करने पर आरोपी पक्ष अक्सर विवाद करता था और अंजाम भुगतने की धमकी देता था। पीड़ित के मुताबिक, सुरक्षा के लिए उन्होंने छह जुलाई को घर के बाहर तीन सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। आरोप है कि नौ जुलाई की दोपहर बिजली कटौती के दौरान आरोपियों ने मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और दूसरे कैमरे को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की। जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मधु सिंह, जूही सिंह और पीयूष सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद