समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव शुक्रवार को दोपहर दो बजे निजी चार्टर विमान से बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। यहां से वे सड़क मार्ग से मिर्जापुर के लिए रवाना हुईं। वहां विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इसके बाद शाम के समय मिर्जापुर से लौटकर वे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां शाम 6.20 बजे वह प्राइवेट चार्टर विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गईं। एयरपोर्ट पर जिले के टिकट की दावेदारी कर रहे सपा नेताओं ने दूर से कहा कि भईया से आशीर्वाद दिलवा दीजिएगा। विधानसभा चुनाव के बीच डिंपल यादव का मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि उनका व्यक्तिगत कार्यक्रम था। इस नाते पार्टी के स्थानीय नेताओं को सूचना नहीं थी। केवल स्वागत के लिए मैं गया था। बाकी चुनाव के संबंध में किसी प्रकार की कोई चर्चा नहीं हुई है।