आईआईटी बीएचयू के फिल्म एंड मीडिया काउंसिल (एफएमसी) की ओर से डिजिटल आर्ट फेस्टिवल ‘एफएमसी वीकेंड 23’ की शुक्रवार को औपचारिक शुरुआत हुई। छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग, फोटोग्राफी और आर्ट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। 11 और 12 फरवरी को एफएमसी वीकेंड का आयोजन होगा। इस संस्करण का नेतृत्व स्नातक छात्र नीलेश प्रेम प्रकाश, सागर सिंह और सिद्धार्थ वर्मा करेंगे। कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर अमर उजाला है।
डिजिटल आर्ट फेस्टिवल में 20 से अधिक रोमांचक सत्र होंगे। दो दिवसीय आयोजन में सिनेमैटोग्राफी, फोटोग्राफी, मीडिया, डिजाइन सहित अन्य रचनात्मक क्षेत्र में प्रतियोगिताएं भी होंगी। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मनोरंजक सत्र में देश के नामी कलाकार शिरकत करेंगे। कॉमेडियन संदीप शर्मा चुटकुलों से लोगों को हंसाएंगे। कार्यक्रम में उद्यमी रश्मि चड्ढा और फोटोग्राफर अमिताभ सिंह और शुभम शर्मा की अहम भूमिका रहेगी।