मथुरा से शगुन सामग्री लेकर काशी पहुंचे श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में काशी-मथुरा के मध्य सनातन सांस्कृतिक समन्वय की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा एक विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न किया गया। इस अवसर पर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास से आए प्रतिनिधियों द्वारा भगवान श्री विश्वेश्वर के लिए लाए गए उपहार सामग्री को श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया गया।
इस सामग्री को महाशिवरात्रि पर्व पर विश्वेश्वर महादेव को अर्पित किए जाने के लिए काशी विश्वनाथ न्यास को प्रेषित किया गया। विधिवत समारोह पूर्वक डमरू शंख एवं मंत्रोच्चार की ध्वनि के बीच भेंट को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा स्वीकार किया गया।
इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मथुरा श्रीकृष्ण जन्मस्थली के लिए उपहार, भगवान श्री विश्वेश्वर को अवलोकित कराने के बाद, समारोहपूर्वक मथुरा से आए प्रतिनिधियों को भेंट स्वरूप प्रदान किए गए।
मथुरा से आए लड्डू गोपाल के प्रतिनिधियों को भगवान विश्वेश्वर की ओर से विधिपूर्वक भेंट दक्षिणा इत्यादि के साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सादर प्रणाम अर्पित करते हुए सम्मानपूर्वक विदा किया गया।