वाराणसी। शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में मां सुरसरि के तट पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपों की अनंत शृंखला प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर प्रज्ज्वलित होगी। देव दीपावली के 29वें वर्ष में घाट की मढि़यों पर मां गंगा की महाआरती संपन्न होगी। यह जानकारी गंगोत्री सेवा समिति के अध्यक्ष पं. किशोरी रमन दुबे बाबू महाराज ने रविवार को समिति कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मां गंगा का शास्त्रोक्त विधि से पूजन के बाद 51 लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा। डॉ. अमलेश शुक्ला और अर्चना म्हस्कर सुरों की श्रद्धा निवेदित करेंगे। मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी होंगे। इस दौरान कन्हैया त्रिपाठी, शांतिलाल जैन, गंगेश्वर धर दुबे, दिनेश शंकर दुबे, संकठा प्रसाद, दिलीप गुप्ता, रामबोध सिंह मौजूद थे।