आदर्श इंटर कॉलेज, विसुंदरपुर का मामला दूसरे दिन मंगलवार को भी तूल पकड़ता रहा। वहां के शिक्षकों ने मंगलवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक, उदयभान से मुलाकात कर उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी। साथ ही, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर लापरवाही और हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने संबंधित पटल सहायक का वेतन रोकने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया। शिक्षकों ने 18 मार्च को जिलाधिकारी से भी मिलने का निर्णय लिया है। शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय से प्रत्येक माह का वेतन बिल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराया गया है, इसके बावजूद दिसंबर 2025 से अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनके सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही प्रकरण के निस्तारण तक पटल सहायक सोमेश्वर वर्मा का वेतन रोकने का आदेश दिया। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने बताया कि अभी तक उन्हें ऐसा कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।