रबी सीजन में बीज वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार को उप कृषि निदेशक, वाराणसी अमित जायसवाल ने राजकीय बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीन में तकनीकी खराबी के कारण बीज वितरण प्रभावित मिला जिससे बीज लेने पहुंचे किसानों को परेशानी हुई। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक ने गोदाम प्रभारी वीरेंद्र कुमार गौतम को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीन खराब होने पर भी किसानों को अनावश्यक इंतजार न कराया जाए। ऐसी स्थिति में नियमानुसार वैकल्पिक व्यवस्था से बीज वितरण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बीज लेने वाले किसानों का नाम, पंजीकरण, फसल और वितरित बीज की मात्रा रजिस्टर में दर्ज की जाए। मशीन चालू होने पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराया जाए।