राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आजीविका से जोड़ने के बेहतर काम के लिए सीडीओ प्रखर कुमार सिंह को सम्मानित किया गया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। मिशन के जरिये महिलाओं को बैंक से ऋण दिलाने, रिवाॅल्विंग फंड देने, फेडरेशन मैपिंग, आजीविका रजिस्टर, बीसी सखी, विद्युत सखी, मॉडल संकुल और प्रशिक्षण जैसे कायोZं में वाराणसी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके अलावा अलग-अलग संस्थाओं और सीएसआर के माध्यम से महिलाओं को लखपति बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। जनपद में इस समय करीब एक लाख 40 हजार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।