बीएचयू कैंपस में 16 अगस्त की रात छात्रा के साथ छेड़खानी के विरोध में शनिवार को विद्यार्थियों ने केंद्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भगत सिंह छात्र मोर्चा के बैनर तले प्रभारी कुलपति को ज्ञापन दिया गया। परिसर में छात्राओं के लिए सुरक्षात्मक माहौल बनाने, छात्रावास खोलनेे, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से उनकी नोकझोंक भी हुई। छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह 11 बजे छात्र-छात्राएं हाथ में सुरक्षा संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। छात्र प्रभारी कुलपति से मिलकर बातचीत करना चाह रहे थे। मुलाकात नहीं हो पाई तो कार्यवाहक चीफ प्रॉक्टर प्रो. बीसी कापरी को ज्ञापन सौंपा। छात्र-छात्राओं ने बताया कि बीएचयू देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में है, लेकिन यहां छात्राओं को सुरक्षा न मिल पाना चिंताजनक है। इस दौरान आकांक्षा, सिद्धि, राधिका, शुभम, अभिषेक, योगेश, सुमित, इशिता, कमल नयन सिंह, रविशंकर चौरसिया आदि मौजूद रहे।