बरेका कर्मचारी परिषद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मुलाकात कर बरेका में पीरियॉडिक ओवर हॉलिंग (पीओएच) जैसे शेड के कार्यों की जगह नए एवं आधुनिक लोको के निर्माण का कार्य देने की मांग उठाई है। परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादवए नवीन सिन्हा और सुशील सिंह ने इस पर जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरेका की उत्पादन क्षमता, आधुनिक मशीनरी, तकनीकी विशेषज्ञता, कुशल कर्मचारियों का उपयोग शेड आधारित कार्यों के बजाय आधुनिक लोको निर्माण में किया जाना आवश्यक है। बरेका को वंदे भारत, हाई स्पीड ट्रेन, इलेक्ट्रिक लोको, गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए लोको, पुश-पुल लोको जैसे आधुनिक एवं नई तकनीक वाले लोको के निर्माण का पर्याप्त कार्य दिया जाना चाहिए। कर्मचारियों के इस योगदान को देखते हुए 70 प्रतिशत प्रोत्साहन बोनस को भी तत्काल लागू किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार से दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक आदेश जारी करने की अपील की।