गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत काशी में भी गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गो संरक्षण के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। राजातालाब, पिंडरा और सदर तहसील में गो रक्षकों का सम्मान हुआ। अभियान के सेवकों ने गो आधारित कृषि, चिकित्सा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। 27 अप्रैल से शुरू हुए अभियान के अंतर्गत गोरक्षा के राष्ट्रव्यापी आंदोलन में 5000 से अधिक तहसीलों में संतों और गो भक्तों ने ज्ञापन सौंपा और भव्य यात्राएं निकालीं। संतों, बटुकों और गो सेवकों ने दस्तखत कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को समर्पित प्रार्थना पत्र तहसील अधिकारियों को सौंपा। अभियान में महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरि, गोपेश कृष्ण दास, गोपाल कृष्ण दास, जटा बाबा, रास बिहारी दास, कृष्ण कुमार खेमका, गुरु प्रसाद भट्ट, अखिलेश सिंह, सत्येंद्र केसरी, आजाद सिंह, हिमांशु वाजपेयी, सरदार अजित सिंह बग्गा, एडवोकेट नित्यानंद राय आदि शामिल रहे।