भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश जिला संस्था वाराणसी के तत्वावधान में स्व. सूबेदार सिंह स्मृति महिला महाविद्यालय, कटेसर कलां में चल रहे डीएलएड प्रशिक्षुओं के स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के तृतीय दिवस पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक अमित कुमार सिंह सन्नी, सचिव अनुज कुमार सिंह और निदेशक डॉ. स्वतंत्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रशिक्षुओं ने कटेसर कलां व आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत-भारत सुंदर, जल ही जीवन है और यातायात नियमों के पालन जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली चौबेपुर थाने पहुंची जहां थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने प्रशिक्षुओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर (वाराणसी मंडल) जयप्रकाश दक्ष और विशिष्ट अतिथि जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) उमेश कुमार केसरी रहे। महाविद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र कुमार सिंह ने अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में अभय सिंह, शालू सिंह, राजेश सोनकर, राजेश यादव, पूजा मिश्रा, गायत्री आदि मौजूद रहीं। संचालन रामेश्वरी वर्मा ने किया।