कार्यकारिणी सदस्य हनुमान प्रसाद ने भवनों में लगाए जा रहे क्यूआर कोड में देरी होने का मुद्दा उठाया। सदस्य श्याम आसरे मौर्य ने जर्जर भवनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो भवन जर्जर नहीं है, कुछ ऐसे भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दी जा रही है।
नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई। कार्यकारिणी सदस्य हनुमान प्रसाद ने भवनों में लगाए जा रहे क्यूआर कोड में देरी होने का मुद्दा उठाया। इस पर कर मुख्य निर्धारण अधिकारी ने बताया कि 52 हजार क्यूआर कोड बैंक की ओर से मिल गए हैं जिसमें 22 हजार चस्पा कर दिए गए है। इस पर मेयर ने नाराजगी जताई और नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के खिलाफ शासन में पत्र लिखा जाए।
विज्ञापन
सदस्य श्याम आसरे मौर्य ने जर्जर भवनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो भवन जर्जर नहीं है, कुछ ऐसे भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दी जा रही है। इस पर मेयर ने कहा कि नोटिस जारी करने से पहले ठीक से जांच कर ली जाए उसके बाद ही नोटिस जारी करें। सदस्य राजेश यादव ने पूछा कि जलकल विभाग में सीवर सफाई के लिए तैनाती की गई कि नहीं।
इस पर सचिव जलकल ओपी सिंह ने बताया कि निविदा खोली जा चुकी है। सदस्य मदन दुबे ने निर्माण विभाग की 17 चौकियों पर मैनपावर और निर्माण सामग्री रखे जाने के बारे में जानकारी मांगी तो बताया गया कि 55 बेलदार, 5 मेठ और 11 सुपरवाइजर की तैनाती चौकियों पर कर दी गई है।
विज्ञापन
मेयर ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। कहा कि नगर निगम की सभी गाड़ियों को धुलवाकर उन पर तिरंगा झंडा लगाएं और सभी चौराहे और मार्गों को सजाया जाए। मच्छरों से बचाव के लिए अभियान चलाकर कीटनाशक दवाओं के छिड़काव करने के निर्देश दिए। मेयर ने निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। इस पर बताया गया कि 15वें वित्त आयोग के तहत 144 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिसमें से 54 कार्य पूर्ण हो गए हैं।
46 कार्य प्रगति पर हैं और 22 कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं। उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि पार्कों में लगाए जा रहे जिम उपकरणों एवं बच्चों को खेलने वाले उपकरणों की देख-रेख के लिए कोई पालिसी बनाई जाए। वहीं छुट्टा पशुओं आहार शुल्क को बढ़ाकर 100 किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य मौजूद रहे।
बैठक में इन प्रस्ताव पर हुई चर्चा
नगर निगम द्वारा सिंगल स्क्रीन सिनेमा हेतु संशोधित दरें 60 रुपये प्रति शो तथा मल्टीप्लेक्स स्क्रीन के संबंध में संशोधित दर 250 रुपये प्रति शो का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। मेयर ने सभी मल्टीप्लेक्स भवनों में निर्मित फ्लैटों पर नामांकन कर पीला कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। नव विस्तारित वार्डों में भवनों को चिह्नित करने के लिए 50 कर्मियों को आउटसोर्सिंग से रखने के निर्देश दिए। जल जमाव के निस्तारण पर चर्चा हुई। प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर मेयर ने प्रर्वतन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा पर कड़ी नाराजगी जताई।