वाराणसी। नगर निगम की ओर से ओटीएस की सुविधा बकायेदारों को दी गई है। 298 करोड़ के बकाए पर 86 करोड़ रुपये सरचार्ज लगा है। 15 नवंबर तक पंजीकरण कराने वालों को लाभ मिलेगा। इस दायरे में 97,872 भवन स्वामी आ रहे हैं। नगर निगम की ओर से बकायेदारों को एसएमएस और फोन कॉल के माध्यम से रिमाइंडर भेजकर सचेत किया जा रहा है ताकि समय रहते पंजीकरण करा लें। अन्यथा उनके खिलाफ मकान व संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। शासन के निर्देश पर लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की मियाद खत्म होते ही निगम बकायेएदारों के घर कुर्की का नोटिस लेकर भेजेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि ओटीएस का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। 31 दिसंबर तक टैक्स जमा करने पर ओटीएस का पूरा लाभ दिया जाएगा, लेकिन 15 नवंबर तक पंजीकरण नहीं कराया गया, तो ऐसे भवन स्वामियों को मूल बकाये के साथ पूरा सरचार्ज देना होगा। ब्यूरो