वाराणसी में देव दिवाली पर नावों के संचालन को लेकर पुलिस ने सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। काशी जोन के डीसीपी आरएस गौतम ने गुरुवार को नाविकों को निर्देश दिया कि नाव की क्षमता से अधिक व्यक्ति किसी भी स्थिति में नहीं बैठेंगे। नाव में हर हाल में लाइफ जैकेट, ट्यूब, रस्सा और टॉर्च जरूर रखना होगा। उन्होंने कहा, सीएनजी वाली नाव पर पेट्रोल अवश्य रखा जाए, ताकि इंजन बंद होने की दशा में उसे स्टार्ट करने में आसानी हो। सभी नाविक नाव की गति धीमी रखें। किराये को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
ब्रेथ एनालाइजर से चेक किया गया नाविकों को
नाविक शराब पीकर नाव तो नहीं चला रहे हैं, यह सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को डीसीपी काशी जोन के निर्देश पर औचक चेकिंग शुरू की गई। नमो घाट, राजघाट और प्रह्लाद घाट पर पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से चेक किया पुलिस की चेकिंग में कोई भी नाविक शराब पिये हुए नहीं मिला।