बीएचयू में स्नातक और स्नातकोत्तर समेत अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इस बार सात लाख से अधिक आवेदन आए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा का परिणाम आना बाकी है। जबकि 15 सितंबर को स्नातक प्रवेश परीक्षा परिणाम आने के बाद अब अभ्यर्थियों को कट ऑफ का इंतजार है।
परीक्षा नियंता प्रो.एसके उपाध्याय ने बताया कि जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार इस बार सात लाख से अधिक आवेदन आए जो कि पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है। 2020 में जहां पांच लाख से अधिक आवेदन आए, वहीं 2021 में संख्या बढ़कर छह लाख से अधिक पहुंच गई थी। अभ्यर्थियों का आंकड़ा आने के बाद ही काउंसिलिंग संबंधी तैयारी शुरू हो पाएगी।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में यूजी, पीजी के 31 विषयों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में खत्म हो गई है। परिणाम कब जारी होगा, इस बारे में कोई तिथि घोषित नहीं की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परिणाम का इंतजार है।
परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी भी विश्वविद्यालय आकर परिणाम के बारे में पूछताछ कर रहे हैं लेकिन यहां भी कोई सही जवाब नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा बाकी 16 पाठयक्रम जहां निर्धारित सीट से कम आवेदन आए हैं, वहां पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर विभागों में 13 सितंबर से काउंसिलिंग होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां चल रही है।