वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में दीपावली तक मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए अस्पताल में मशीन आ गई है, जिसे हृदय रोग विभाग के पास लगाने का काम भी शुरू हो गया है। जिले का दूसरा ऐसा सरकारी अस्पताल होगा, जहां लोगों को यह सुविधा मिलेगी। बहुत जल्द ही यहां एमआरआई की सुविधा भी शुरू कराई जाएगी। इसके बाद मरीजों को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में केवल बनारस ही नहीं बल्कि चंदौली, भदोही सहित आसपास के जिलों के मरीज भी इलाज के लिए आते हैं। अब तक यहां सीटी स्कैन की सुविधा न होने की वजह से मरीजों को या तो बीएचयू या फिर मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता है। अब सीटी स्कैन यहीं पर हो जाएगा।
जिले में अब तक बीएचयू के अलावा दीनदयाल अस्पताल में ही सीटी स्कैन की सुविधा है। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. प्रसन्न कुमार ने कहा कि सीटी स्कैन मशीन आ गई है। इसे लगवाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। दीपावली तक अस्पताल में आने वाले मरीजों को इसका लाभ मिलने लगेगा। इसके अलावा एमआरआई की शुरुआत कराने की दिशा में भी प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं।