भगतुआ स्थित पुरानी पेट्रोल टंकी के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर के बेटे को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया। बेखौफ बदमाशों ने युवक को पहले हॉकी-रॉड से पीटा, फिर ईंट से हमला करके मार डाला। घटना के बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। पुलिस ने मृतक के पिता व सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर भोलानाथ तिवारी की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। फिलहाल, वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कुकुड़हा गांव निवासी भोलानाथ तिवारी ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक उनका बेटा मुक्तिनाथ तिवारी (28) बाइक से डिब्बाबंद पानी लेने के लिए मंगलवार को लगभग चार बजे घर से भगतुआ बाजार के लिए निकला था। भगतुआ स्थित पुरानी पेट्रोल टंकी के समीप जाल्हूपुर रोड पर दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। उसकी बाइक के सामने ही अपनी बाइक खड़ी करके मुक्तिनाथ ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हॉकी-रॉड और ईंट से इतना पीटा कि मुक्तिनाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब बदमाशों को लग गया कि मुक्तिनाथ मर चुका है, तब बाइक से बलुआ घाट की तरफ भाग निकले। बहरहाल, सरेराह हुई इस वारदात से आसपास के लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश बेखौफ थे। वे किसी भी सूरत में मुक्तिनाथ को मौत के घाट उतारना चाह रहे थे, इसीलिए निर्ममता से पीट रहे थे। हत्या की सूचना पाकर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
फोटो, बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर
चंदौली की है बाइक, पुलिस की दो टीमें जांच में जुटीं
चौबेपुर के कार्यवाहक थानाध्यक्ष काशीनाथ उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीणों ने आरोपियों की बाइक का जो रजिस्ट्रेशन नंबर बताया है, वह चंदौली जिले के बलुआ क्षेत्र के नैढ़ी गांव निवासी एक व्यक्ति की है। पुलिस की एक टीम नैढ़ी रवाना की गई है। घटना की जांच व बदमाशों की धरपकड़ के लिए दो अन्य टीमें भी लगाई गई हैं। ग्रामीणों ने एक बदमाश की फोटो भी खींची है। बदमाश के पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-
पहले हुई कहासुनी, फिर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मुक्तिनाथ बाइक से भगतुआ बाजार की ओर आ रहे थे। जाल्हूपुर रोड की तरफ से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। घटनास्थल के समीप ही देसी शराब की दुकान भी है। मुक्तिनाथ के रुकते ही गालीगलौज होने लगी। इसी बीच बदमाशों ने हॉकी-राड और ईंट से मुक्तिनाथ पर हमला शुरू कर दिया। मुक्तिनाथ ने दोनों का मुकाबला किया, लेकिन कुछ ही देर में धड़ाम से सड़क पर गिर पड़े। फिर, उनका शरीर निढाल पड़ गया। सूचना पाकर आई पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, लेकिन उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
आठ माह पहले हुआ था बेटा, पत्नी बेसुध
मुक्तिनाथ दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। जाल्हूपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे। बिजली रीडिंग का काम करता थे। आठ महीने पहले उनकी पत्नी रेनू ने बेटे को जन्म दिया था। मुक्तिनाथ की हत्या की सूचना पाकर रेनू की हालत बेसुधों जैसी थी। परिवार के लोग बड़ी ही मुश्किल से रेनू को संभाले हुए थे। उधर, मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।
-
कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
चौबेपुर थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने बताया कि मुक्तिनाथ के परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश या विवाद के बारे में जानकारी नहीं दी है। इसलिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मुक्तिनाथ मीटर रीडिंग का काम करते थे। देखा जा रहा है कि मीटर रीडिंग के दौरान कहीं किसी गांव में उनका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। उनके निजी जीवन से जुड़ी रंजिश के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल के समीप ही देसी शराब की दुकान है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं शराब के नशे में धुत मनबढ़ों ने तो वारदात को नहीं अंजाम दिया है।
-
डेढ़ माह बाद भी बुजुर्ग की हत्या का खुलासा नहीं
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढुंआ गांव में बीते 11 अप्रैल की देर रात 80 वर्षीय हरी राम के शरीर में 16 जगह सरिया घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर की बात है, पुलिस उन्हें अब तक चिह्नित भी नहीं कर सकी। इसे लेकर पीड़ित परिजन चौबेपुर थाने की पुलिस की कार्यशैली से खासे दुखी हैं।