कहते हैं बेटा, मां-बाप के बुढ़ापे की लाठी होता है और उनके हर सुख-दुःख में सहारा होता है लेकिन वही बेटा अगर जिंदगी भर के लिए बेसहारा कर दे तो...। जी हां, इंसानियत को शर्मसार करने वाली यह घटना वाराणसी के सारनाथ इलाके में हुई है।
सारनाथ के आशापुर क्षेत्र की आनंद नगर कॉलोनी में गुरुवार को मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित कर देने वाली वारदात से लोग स्तब्ध रह गए। चंदन गुप्ता (25) ने क्रूरता की हदें पार करते हुए अपनी मां सुमन (45) की बुरी तरह पिटाई की और कैंची से ताबड़तोड़ वार कर उनकी दोनों आंखें फोड़ दीं।
किसी तरह से गिरते-पड़ते हुए सुमन बालकनी की ओर भागीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी आए तो वह जमीन पर लहूलुहान पड़ी थीं। लोगों के जुटने पर चंदन खुद स्कूटी से आशापुर पुलिस चौकी पहुंचा और वारदात जानकारी देते हुए सरेंडर कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस पड़ोसियों की मदद से सुमन को पहले दीनदयाल अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद नाजुक बताई है। सुमन के पति श्याम नारायण गुप्ता जम्मू में नायब सूबेदार के पद पर तैनात हैं। घटना के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।
श्याम नारायण मूलत: गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाना के भुसौला के निवासी हैं। चार साल पहले उन्होंने यहां सारनाथ थाना क्षेत्र की आनंद नगर कॉलोनी में मकान बनवाया।
तब से उनकी पत्नी सुमन, बड़ा बेटा चंदन और छोटा बेटा सीमांत उर्फ बबलू (21) यहीं रहते हैं। गुरुवार की दोपहर सीमांत भोजूबीर स्थित कोचिंग गया था। घर पर सुमन और चंदन थे।
दोपहर दो बजे के करीब सुमन की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो वह बालकनी में जमीन पर लहूलुहान पड़ी थीं।
आरोपी बोला- मेरे पुरुषत्व को लेकर मां-बाप मारते हैं ताना
वारदात के बाद आरोपी बेटे ने किया सरेंडर
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी चंदन ने खुद आशापुर पुलिस चौकी जाकर वारदात कुबूली। बताया कि दो साल पहले उसका पत्नी सरोज से तलाक हो गया था। सरोज के चरित्र और उसके पुरुषत्व को लेकर मां-बाप हमेशा ऊलजलूल कहा करते थे। बुधवार की रात भी मां ने पड़ोसियों के सामने उल्टा-सीधा कहा।
गुरुवार की दोपहर भी यही बात उठी तो वह आपा खो बैठा। थानाध्यक्ष सारनाथ ने बताया कि चंदन के पिता को फोन पर वारदात की जानकारी दे दी गई है। वारदात में प्रयुक्त कैंची बरामद कर ली गई है, साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।