बनारस के गंगापुर में वार्ड नंबर तीन निवासी हेरोइन तस्कर मोहम्मद जब्बार खान के घर पर मौजूद होने की सूचना पर मंगलवार को गंगापुर चौकी प्रभारी राजबहादुर सिंह ने पुलिस टीम के साथ छापामारी की। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जब्बार, उसके दो बेटों, बहुओं, बेटियों सहित अन्य करीबियों ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में चौकी इंचार्ज घायल हो गए। सूचना पाकर रोहनिया, लोहता और जंसा थाने की फोर्स के साथ पीएसी मौके पर पहुंची और लाठियां भांज कर पथराव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने मौके से पथराव कर रही तीन महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लिया है।
मामले को लेकर रोहनिया थाने में पुलिस की ओर से जब्बार सहित उसके परिवार के छह लोगों के खिलाफ नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गंगापुर चौकी प्रभारी को सूचना मिली थी कि हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित जब्बार अपने घर पर मौजूद है और जुआं खेल रहा है। इस सूचना पर चौकी प्रभारी गंगापुर ने पुलिस टीम के साथ छापामारी कर जब्बार को पकड़ लिया।
आरोप है कि कार्रवाई के विरोध में जब्बार, उसके परिवार के लोगों और करीबियों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव में चौकी प्रभारी गंगापुर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट आईं। पथराव के कारण थोड़ी देर के लिए मौके पर अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।