विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वाराणसी के चौकाघाट इलाके में आज वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी से 14 किलो चांदी और एक लाख 35 हजार रुपये बरामद किए।
चौकाघाट चौराहे पर चेकिंग के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर जगत कन्नौजिया और टीएसआई अविचल पांडेय ने दोपहर में जब स्कार्पियो को रोकने की कोशिश की तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी। मगर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे घेर लिया।
स्कार्पियो की काली फिल्म उतारकर उसे चेतगंज थाने ले जाया गया। स्कार्पियो से बिना कागजात की 14 किलो चांदी और एक लाख 35 हजार रुपये बरामद किए गए।
चेतगंज थाने के इंस्पेक्टर अनुपम श्रीवास्तव ने आयकर के अधिकारियों को सूचना देकर बरामद चांदी और रुपया जब्त कर लिया। जिस गाड़ी से चांदी और रुपया बरामद हुआ है, वह बिहार की है। स्कार्पियो राजघाट पुल की ओर से शहर में आ रही थी।