नकली नोटों के दो सौदागरों को वाराणसी एटीएस ने मंगलवार को जौनपुर जिले के लाइन बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चार लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी है। दोनों जौनपुर के ही रहने वाले हैं। वे नकली नोट मालदा से लाए थे। वहीं दो मास्टरमाइंड फरार हो गए। एसपी एटीएस संतोष कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से नकली नोटों की खेप लेकर दो लोग जौनपुर आए हैं।
इस पर एटीएस टीम ने मंगलवार की दोपहर छापामार कर बच्चन निषाद निवासी हरखपुर, सिकरारा और तारावती निवासी हुसैनाबाद, लाइन बाजार, जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो-दो लाख के नकली नोट बरामद किए गए। सभी नोट एक-एक हजार के थे। उनके खिलाफ लाइन बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एटीएस के मुताबिक जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोपुर निवासी मनोज निषाद और बक्सा थाना क्षेत्र के सडेरी निवासी सुरेश निषाद भी मौके पर थे लेकिन टीम के पहुंचने के कुछ देर पहले वे भाग निकले। ये दोनों को इस काले कारोबार के मास्टर माइंड बताए गए हैं। 2014 में एटीएस ने इन्हें वाराणसी के कैंट क्षेत्र से नकली नोट के साथ गिरफ्तार भी किया था। बताया जाता है कि ये दोनों राजस्थान के दौसा में भी वांछित हैं।