नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात किया पार
- फोटो : प्रतिकात्मक तस्वीर
वाराणसी के बेनियाबाग में तैनात चौकी इंचार्ज के गांव स्थित घर में रविवार की रात चोरों ने नकदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
चौकी इंचार्ज का गांव बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में है। घटना की जानकारी होते ही परिवार व क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। चौकी इंचार्ज के पिता ने रसड़ा कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दिया है।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के परसिया नंबर दो निवासी रामजीत यादव वाराणसी के बेनियाबाग चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात हैं।
उनके पिता जगधारी यादव परसिया स्थित घर पर परिवार के साथ रहते हैं। प्रतिदिन की भांति खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए, तभी रात में चोर दीवार फादकर घर के अंदर घुस गए, जहां एक कमरे में रखें दो बॉक्स एक अटैची उठाकर चलते बने।
सुबह नींद खुली तो अलमारी पर रखें दो बक्से और एक अटैची गायब थी। इस पर तुरंत शोर शोर मचाते हुए पुलिस को सूचित किया गया।
खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर एक खेत में दोनों बक्शे और अटैची का सामान बिखरा हुआ मिला।
बक्शे में रखा नकदी समेत लाखों रुपये के गहने गायब थे। सूचना पर पहुंची रसड़ा कोतवाली पुलिस और बलिया से फिंगरप्रिंट व डाग स्कावट की टीम ने बारीकी से जांच की है।