तेलियाबाग स्थित बाटी चोखा रेस्टोरेंट के सामने रविवार की रात नशे में धुत बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन फायर कर दहशत फैला दी। बदमाशों की गोली से रेस्टोरेंट के सामने से गुजर रहे बाइक सवार नदेसर निवासी रवींद्र नाथ वर्मा (32) घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनाई देते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चेतगंज पुलिस ने घायल रवींद्र को मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल भर्ती कराया। मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रविवार की रात नशे में धुत तीन युवक तेेलियाबाग स्थित बाटी चोखा रेस्टोरेंट में पहुंचे। उन्होंने खाने का ऑर्डर दिया। देरी होने पर युवकों ने रेस्टोरेंट के वेटर को पहले गाली दी फिर थप्पड़ जड़ दिया। उसके बाद तीनों बाहर निकल आए। उनमें से एक ने रेस्टोरेंट के गेट के पास पिस्टल निकालकर फायरिंग की। तब तक उनका एक साथी बाइक लेकर आया और तीनों उस पर सवार होकर आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान रेस्टोरेंट के निजी सुरक्षा गार्ड ने दौड़ाकर पीछा किया। तभी बाइक पर सबसे पीछे बैठे बदमाश ने दो बार और फायरिंग की। सुरक्षा गार्ड खुद को बचाने में तो सफल रहा, लेकिन बदमाश की गोली से रेस्टोरेंट के सामने से गुजर रहे बाइक सवार रवींद्र नाथ वर्मा के दाएं तलवे को छीलते हुए निकल गई। इसके बाद बदमाश तेजी से जगतगंज की ओर भाग निकले।
रवींद्र ने बताया कि वह पान विक्रेता है और लक्सा स्थित कांवरिया शिविर में श्रद्धालुओं की सेवा करने के बाद नदेसर स्थित अपने घर जा रहा था। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कैंट राजकुमार यादव ने रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में आकर झगड़ा करते हुए और बाहर जाते हुए तीन युवकों की तस्वीर कैद हुई है। सीओ का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।