मऊ जिले के हुंसापुरा में पुरानी रंजिश को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचारक राम पांडेय से कुछ लोगों ने मारपीट की।
गुरुवार की रात नौ बजे हुई घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक पक्ष ने कार्यालय में घुसकर मारपीट करने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया, तो दूसरे पक्ष ने जमीन पर कब्जा करने तथा मना करने पर मारपीट किए।
कोपागंज थाना क्षेत्र के हुंसापुरा मुहल्ला निवासी राम पांडेय विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचारक है। इनका बाजार निवासी अजमल खान से जमीनी विवाद है। इस विवाद को लेकर गुरुवार की रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
श्रीराम का आरोप है कि रात को दस बजे के करीब अजमल ने एक दर्जन लोगों के साथ उसके घर पर चढ़कर हमला कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद संगठन के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की। बीच बचाव करने आई महिलाओं को भी पीटा। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि स्टे आर्डर के बाद भी श्रीराम और उनके परिवार के लोग अपने मकान के अंदर से दरवाजा खोलकर विवादित जमीन पर कब्जा कर रहे थे।
मारपीट की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक पक्ष से राजेश पांडेय और राजकुमार पांडेय, दूसरी तरफ से अजमल और मुन्ना खान को गिरफ्तार किया।
सीओ घोसी रविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिला प्रचारक के घर हुई मारपीट और तोड़फोड़ सूचना मिलने पर सांसद हरिनारायन राजभर शुक्रवार की शाम को पीडि़त के घर पहुंचे।