पशु तस्करों ने तोड़ी पुलिस की जीप।
जंसा थाना क्षेत्र के जगापट्टी गांव में सोमवार की रात पशु तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर तस्करों ने धावा बोल दिया। पशु तस्करों ने जंसा थानाध्यक्ष की जीप पर ताबड़तोड़ पथराव किया और मवेशी लेकर भाग निकले। सूचना पाकर एसएसपी छह थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। जगापट्टी गांव जिले में पशु तस्करी के लिए कुख्यात है। एहतियातन गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। वहीं मौके पर मिले आगरा में पंजीकृत ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस उसके मालिक और चालक की खोजबीन में जुट गई है।
जगापट्टी गांव से 100 नंबर पर फोन कर सोमवार की रात करीब 10 बजे सूचना दी गई कि तस्करी के लिए ट्रक में भैंसें लादी जा रही हैं। सूचना पर यूपी 100 की पीआरवी मौके पर पहुंची तो तस्करों ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की। पुलिसकर्मियों ने जंसा थानाध्यक्ष संतोष राय को सूचना दी कि फोर्स लेकर पहुंचें, मामला गंभीर है। इधर, तस्कर और उनके समर्थन में गांव के कई लोग मौके पर आ गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे जंसा थानाध्यक्ष की जीप को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया।
जीप का शीशा चकनाचूर हो गया और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पथराव में जीप के चालक विजय पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सूचना पाकर एसएसपी नितिन तिवारी ने लोहता, कपसेठी, रोहनिया, बड़ागांव और फूलपुर सहित छह थाने की फोर्स को मौके पर रवाना किया और खुद भी पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल को आता देख तस्कर वरुणा नदी की तलहटी में ट्रक छोड़कर मवेशियों को लेकर भाग निकले। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपी सपा सरकार के एक पूर्व राज्य मंत्री और एक पूर्व विधायक के बेहद करीबी बताए जाते हैं।
एसएसपी ने बताया कि जगापट्टी के ग्राम प्रधान रतन यादव सहित छह नामजद चिन्हित कर लिए गए हैं। छह नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ जंसा थाने में पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के शरणदाता भी बख्शे नहीं जाएंगे।
जगापट्टी गांव में पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपी सपा सरकार के एक पूर्व राज्य मंत्री और एक पूर्व विधायक के बेहद करीबी बताए जाते हैं। पुलिस पर हमला करने के दौरान सभी बार-बार यही कह रहे थे कि पिछली सरकार जैसा हमारा जलवा अब भी बरकरार है। पुलिस भी हमारे साथ है और हमें कोई रोक नही पाएगा। हम पुलिस को पैसा देते हैं और धंधा करते हैं। जो हमसे टकराएगा उसे परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। इस संबंध में एसएसपी ने कहा कि आरोपी गिरफ्त में आ जाएंगे तो उनसे पूछताछ कर उनके शरणदाताओं को भी चिन्हित किया जाएगा। आरोपियों के शरणदाता भी बख्शे नही जाएंगे।