सहारनपुर और उत्तराखंड में जहरीली शराब पीने हुई सैकड़ों लोगों की मौत के बाद चंदौली में शराब तस्करों पर सख्ती बढ़ा दी है। इस क्रम में यूपी के चंदौली में चेकिंग के दौरान मंगलवार को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने भारी मात्रा में शराब ले जाते एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक के आगे एक कार में जा रहे चार तस्करों को भी पुलिस ने दबोच लिया।
एसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिहार प्रांत में शराब बंदी के बाद जनपद शराब तस्करी का मुख्य मार्ग बन गया है। बिहार से सटे होने के कारण यह तस्करों के लिए मुफीद साबित हो रहा है। शराब तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस सक्रिय है। बताया कि पुलिस औद्योगिक नगर क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक में तस्कर भारी मात्रा में पंजाब से शराब लेकर बिहार जा रहे हैं। ट्रक के आगे एक कार में चार तस्कर भी चल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने हाइवे पर नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस को एक ऑल्टो कार और उसके पीछे आता ट्रक दिखा। संदेह होने पर पुलिस ने कार व ट्रक को रुकने का इशारा किया।
इस पर कार के चालक ने कार रोक दी और उसमें सवार तस्कर व चालक भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने भाग रहे तस्करों को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। वहीं ट्रक को भी पुलिस ने रोक लिया। पूछने पर ट्रक के चालक व खलासी ने बताया कि ट्रक में ले जाई जा रही शराब कार से पकड़े गए तस्करों की है।
पुलिस ने कार से पकड़े गए तस्करों के पूछा तो उन्होंने स्वीकार किया कि शराब वे बिहार बेचने ले जा रहे थे। पुलिस ट्रक के चालक, खलासी व चारों तस्करों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। यहां ट्रक से 1078 पेटी रायल पटियाला व्हिस्की बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत लगभग 26 लाख 35 हजार रुपये है।