चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने शनिवार दोपहर एनएच स्थित कालेखां के पास चेकिंग के दौरान दो ट्रक और एक स्कार्पियो से 2580 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कीमत एक करोड़ से अधिक है। इसे बेचने के लिए तस्कर नकली बिल्टी के सहारे बिहार ले जा रहे थे। पुलिस लाइन में एसपी हेमंत कुटियाल ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सैयदराजा थाना प्रभारी एसपी सिंह दोपहर हमराहियों के साथ एनएच पर काले खां मजार के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने एक स्कार्पियो और उसके पीछे आ रहे दो ट्रकों को रुकने का इशारा किया। लेकिन स्कार्पियो में सवार लोग वाहन रोककर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर पांच को पकड़ लिया।
चेकिंग के दौरान स्कार्पियो से हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांड की 30 पेटी शराब बरामद हुई। ट्रकों की जांच की गई तो दोनों ट्रकों से 2550 पेटी शराब बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर जज्जर हरियाणा निवासी दलवीर सिंह, महेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह और यूपी के एटा निवासी राजेश कुमार लोधी, कन्नौज निवासी रामू ने बताया कि वह हरियाणा से शराब ट्रकों में भरकर बेचने के लिए बिहार जा रहे थे।
पुलिस से बचने के लिए एक कंपनी के नाम से नकली बिल्टी बनवाया गया था और वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा था। एसपी ने बताया कि बरामद अवैध शराब की कीमत एक करोड़ से अधिक है। गिरोह से जुड़ी जानकारी मिली है। इसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।