उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक चार साल के लड़के के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बालक की चीख सुनकर ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
गाजीपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का युवक मंगलवार देर शाम को चार साल के लड़के को बहला-फुसलाकर गांव से बाहर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बालक की चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित बालक के परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ करने के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि पीड़ित बालक के पिता की तहरीर में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। संबंधित धारा में आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया गया।