फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनभद्र : अब तक 24 लोग गिरफ्तार, प्रधान को पकड़ने के लिए लगीं पुलिस की 6 टीमें

Thu, 18 Jul 2019 07:16 PM IST
गीतार्जुन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सोनभद्र
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में हत्याकांड में अब तक 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। घटना में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। इसमें 5 लोगों की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। मामले में 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। साथ ही 28 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है।

विज्ञापन


गिरफ्तार लोगों में प्रधान के दो भतीजों समेत परिवार के चार लोग शामिल हैं। मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान यज्ञदत्त गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 टीमें लगाई गई हैं। लोगों की गिरफ्तारी और जांच के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं खूनी संघर्ष में प्रयोग किए गए दो असलहों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। विवादित जमीन बिहार के एक आईएएस से जुड़ी रही है।

पुलिस के मुताबिक, उभ्भा गांव में दो पक्षों के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा था। गांव के प्रधान ने 2 साल पहले करीब 100 बीघा जमीन खरीदी थी, जिस पर वह सहयोगियों के साथ कब्जा करने के लिए गए थे, बुधवार को दिन में 11 बजे ग्राम प्रधान यज्ञदत्त गुर्जर और करीब दो सौ से ज्यादा लोग 32 ट्रैक्टरों पर सवार होकर विवादित जमीन पर पहुंचे, जहां उन्होंने खेत की जुताई शुरू कर दी।
विज्ञापन


दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। तभी प्रधान के साथ आए लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जिससे सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। प्रधान पक्ष के बाकी लोग लाठी डंडे और फावड़े लेकर टूट पड़े। दूसरे पक्ष ने भी मुकाबला करते हुए पथराव किया। सूचना पाकर थानों की पुलिस और एसपी भी पहुंच गए।

जांच के बाद ही कुछ कहेंगे : एडीजी
घोरावल के उभ्भा गांव में हुए नरसंहार के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रिपोर्ट तलब करने के बाद से अधिकारी बिंदुवार मामले की जांच करते दिखे। एडीजी बृजभूषण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जमीन का क्या विवाद था और कितने हेक्टेयर जमीन का मामला है। विवाद के जड़ में क्या है, इन सभी पहलुओं पर जांच कर रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस प्रकरण में सेवानिवृत्त आईएएस का नाम आने के मामले में पूछे जाने पर कहा कि अभी वह वह मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कह पाएंगे।

यूपी डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि इस मामले में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उभ्भा गांव के प्रधान ने 2 साल पहले यह जमीन खरीदी थी, जिस पर वह सहयोगियों के साथ कब्जा करने के लिए गए थे, जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन पर फायरिंग कर दी। ग्राम प्रधान के भतीजों समेत 24 लोगों को अरेस्ट किया गया है।

सीएम योगी ने कार्रवाई के दिए आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र में हुई घटना पर संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए सोनभद्र के डीएम को निर्देश दिया है। उन्होंने डीजीपी को व्यक्तिगत रूप से मामले की निगरानी करने और दोषियों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

साथ ही सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि कमिश्नर मिर्जापुर और एडीजी जोन वाराणसी संयुक्त रूप से इस मामले की जांच करेंगे और 24 घंटे के भीतर खामियों के लिए जिम्मेदारी तय करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना के पीड़ितों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही सोनभद्र जिलाधिकारी से गांव वालों को पट्टे क्यों नहीं दिए गए, इस पर भी रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
विज्ञापन

रात भर शवों की रखवाली करती रही पुलिस
जिला अस्पताल में मृत 10 लोगों का पोस्टमार्टम हो गया, लेकिन रात में जिला प्रशासन ने शवों को घरवालों को सुपुर्द नहीं किया। प्रशासन को इस बात का डर था कि रात में शवों के जाने पर बवाल हो जाएगा। डीएम के निर्देश पर रात भर फोर्स के साथ सदर एसडीएम और सीओ शवों की रखवाली करते रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें