उत्तर प्रदेश में शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग के चलते मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। खुशी के मौके पर हर्ष फायरिंग भी खतरनाक साबित हो सकता है यह बीती रात यूपी के बलिया में साबित हो गया। जिले के एक गांव में आई बारात में द्वारपूजा के दौरान की गई हर्ष फायरिंग से बैंड पार्टी के एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
एक ओर जहां बारात आने की खुशी से लोग मतवाले हो रहे थे वहीं थोड़ी देर में घटना होते ही शादी के घर सन्नाटा पसर गया। आलम यह रहा कि वर-वधू पक्ष के कई रिश्तेदार भाग खड़े हुए। किसी प्रकार शादी की रस्म पूरी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धारा में उसका चालान कर दिया।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सराय भारती निवासी बृजेश सिंह के पुत्र की बारात सोमवार को भीमपुरा थाना क्षेत्र के देवलबीर निवासी राजरोशन सिंह के घर आयी थी। द्वार पूजा के लिए गाजे-बाजे के साथ जा रही थी। बैंड पार्टी में युवक नाच रहे थे। इसी बीच सराय भारती निवासी बेअंत सिंह उर्फ बलवंत सिंह ने नशे में धुत होकर नाचते हुए असलहे से फायरिंग कर दी।
जो बैंड पार्टी के सदस्य अखनपुरा निवासी रघुनाथ राम (50) के सिर में जा लगी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना होते ही बारात में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों सूचना पर भीमपुरा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश यादव एवं नगरा एसओ सुरेश सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को देर रात उसके गांव सरायभारती से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बैंड पार्टी के मालिक व नवापुरा निवासी अमजद अली की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में नामजद मुकदमा दर्ज लिया। मंगलवार की सुबह उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा गया।