उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक शख्स की शुक्रवार को बाइक से टक्कर हो जाने से मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया।
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव निवासी मुहम्मद कलीम(35) हीरो होंडा बाइक से सैदपुर की ओर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गुरेरा गांव के पास रोड पर ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से बुलट आ गई। जिससे दोनों की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें मुहम्मद कलीम की मौके पर मौत हो गई। बुलट पर सवार मनियारपुर सकलडीहा निवासी ओमप्रकाश तिवारी(40) पियूष तिवारी(28), कामेश्वर तिवारी(48) तीनों लोग घायल हो गए। ये तीनों बाइक से सैदपुर औड़िहार रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने फौरन एंबुलेंस को सूचना दी। इसी दौरान घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने मृत युवक के परिजनों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर मृतक के पिता मुहम्मद इस्लाम और परिजन पहुंच गए।