रमजान के पवित्र माह में एक भतीजे ने पारिवारिक विवाद में अपने चाचा कि हत्या कर दी। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना आजमगढ़ की है।
सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व अजीज (45) का बेटा अपने चाचा की बहू को लेकर भाग गया है। तभी से उसका कोई पता नहीं चल रहा। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
शनिवार को अजीज अपना सैलून बंद कर मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद अपने घर पहुंचा। वहां परिवार की महिलाएं आपस में झगड़ा कर रही थीं। महिलाओं के विवाद को शांत कराने के लिए अजीज ने उन्हें डांटा।
यह बात उसके भतीजे सद्दाम पुत्र हफीज को बुरी लगी और उसने दरवाजे के बाहर रखी लकड़ी उठाकर अपने चाचा अजीज के सिर पर दे मारी। सिर में चोट लगने से अजीज घायल होकर जमीन पर गिर गया।
लोग जब तक अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची अजीज की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। पुलिस मौके से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी बरामद कर ली।
सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में दिलशाद ने तहरीर देकर चचेरे भाई सद्दाम, तरन्नुम, ओसामा और सलीम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तरन्नूम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अन्य की तलाश की जा रही है।