जैतपुरा क्षेत्र के शैलपुत्री की घटना
- फोटो : demo
वाराणसी जिले के शैलपुत्री में बुधवार की रात खाना बनाते समय ट्रॉली चालक जितेंद्र पटेल के घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर जितेंद्र की पत्नी शीला पटेल (40) और छोटे बेटे आदित्य (9) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दोनोें को बचाने के चक्कर में जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शैलपुत्री में जितेंद्र पटेल का पक्का मकान है जबकि टीन शेड वाले कमरे में किचन है।
बुधवार की रात शीला खाना बना रही थी और उसका छोटा बेटा आदित्य पास ही बैठा था। बड़ी बेटी काजल और दूसरे नंबर का बेटा सूरज घर के बाहर थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। आग ने टीन शेड के बांस को अपनी चपेट में ले लिया।
टीन शेड शीला और आदित्य के ऊपर गिर गया। दोनों का शोर सुनकर जितेंद्र दौड़ा लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। किसी तरह टीन शेड हटाकर दोनों को निकाला गया और मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पहुंची जैतपुरा पुलिस ने मां-बेटे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद काजल और सूरज का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना को लेकर मुहल्ले में कोहराम मचा हुआ था।