जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर (जमालपुर) गांव में मंगलवार की रात सिरफिरे आशिक ने शादी से इंकार पर युवती की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी युवक मृतका की बहन का देवर है। घटना के बाद वह फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
जमालपुर निवासी हिमलाल गुजरात में रहकर रोजगार करते हैं। पत्नी, बेटी सहित अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं। हिमलाल की बड़ी बेटी लक्ष्मी की शादी पास के ही नेवादा गांव में हुई है। घरवालों के मुताबिक लक्ष्मी का देवर हरिकंचन उसकी छोटी बहन सोनी(23) से शादी करना चाहता था।
उसने कई बार अपनी इच्छा जताई लेकिन सोनी ने इंकार कर दिया था। इससे क्षुब्ध हरिकंचन मंगलवार की रात अपने भाई की ससुराल पहुंचा। रात करीब 12 बजे उसने कमरे में सो रही सोनी की गर्दन पर वार कर दिया। कई प्रहार से सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। बगल में सो रही छोटी बहन नीलम ने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गया।
सूचना पाकर रात में ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शादी से इंकार करने पर युवती की हत्या की गई है। आरोपी युवक की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।