वाराणसी के सामने घाट क्षेत्र की जानकी नगर कालोनी निवासी बीसीए सेकेंड ईयर के छात्र सत्या पांडेय के अपहरण का मामला बुधवार की देर रात लंका थाने पहुंचा। परिजनों के अनुसार सत्या को छोड़ने के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई।
विज्ञापन
परिजनों ने बताया कि रुपये न देने पर उसकी किडनी बेचने की धमकी दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर लंका थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सत्या की खोज की। गुरुवार दोपहर में छात्र घर वापस आ गया और पुलिस छात्र से पूछताछ में जुट गई है।
अखरी क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज के छात्र सत्या की मां उषा पांडेय के अनुसार उनका बेटा बुधवार को गायब हो गया था। बुधवार की शाम सत्या के मोबाइल से किसी ने उनके छोटे बेटे को फोन कर एक लाख रुपये देने को कहा था। पैसा ना देने पर सत्या की किडनी बेचने की धमकी दी गई ।
इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी ने बताया कि फिलहाल छात्र घर वापस आ गया। छात्र से पूछताछ की जा रही है कि किसने किडनैप किया था, कहां था। फिलहाल अभी जांच जारी है।