यूपी के जौनपुर जिले में गैंगरेप की पीड़िता छात्रा ने जांच करने पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी पर रेप का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर पुलिस चौकी प्रभारी संजीव सिंह के खिलाफ एक छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसने सीजेएम अभिनय कुमार मिश्र की अदालत में धारा 156 (3) के तहत केस दाखिल किया है।
मजिस्ट्रेट ने मामले में थाने से आख्या तलब करते हुए सुनवाई के लिए 20 जून की तिथि नियत की है। बदलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा का आरोप है कि 24 मार्च 17 को इंटर की परीक्षा देने जा रही थी।
तभी रास्ते में खुशहाल खां, शाकीर खां, पुत्तुल खां ने उसका अपहरण कर लिया। बोलेरो से खेतासराय ले गए। जहां तीनों ने गैंगरेप किया। घटना की सूचना पीड़िता के भाई ने बदलापुर पुलिस को दिया।
इसी मामले की विवेचना करने के लिए चौकी प्रभारी घनश्यामपुर संजीव सिंह पीड़िता के घर आए जहां उन्होंने पूछताछ के नाम पर अंदर से कमरा बंद कर लिया और दुष्कर्म किया। पीड़िता ने भयवश यह बात परिवार वालों को नहीं बताई।
जिससे दरोगा का मन बढ़ गया और 28 अप्रैल 17 को दोबारा जाकर फिर दुष्कर्म की नियत से छेड़छाड़ करने लगे। शोर मचाने पर परिवार वालों ने दरवाजा खुलवाया। इससे नाराज होकर चौकी प्रभारी धमकी देते चले गए।